प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

क्रशर प्लांट में दर्दनाक हादसा

क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान मशीन का हिस्सा गिरा, चार मजदूरों की मौत

अहरौरा के क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान मशीन का हिस्सा टूटकर मजदूरों पर गिर गया। हादसे में सोनभद्र के चार मजदूरों की मौत हो गई।

क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान मशीन का हिस्सा गिरा चार मजदूरों की मौत

Four Sonbhadra Workers Killed in Crusher Plant Accident |

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)।अहरौरा थाना क्षेत्र के एक क्रशर प्लांट में शनिवार दोपहर डस्ट हटाने के कार्य के दौरान हुए भीषण हादसे में सोनभद्र के चार मजदूरों की जान चली गई। ब्लास्टिंग के कारण प्लांट की भारी-भरकम मशीन का एक हिस्सा अचानक टूटकर मलबे के रूप में मजदूरों पर आ गिरा, जिससे चारों मौके पर ही दब गए।

हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूर सोनभद्र के

हादसे के शिकार सभी मजदूर सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां गांव और उसके टोलों के निवासी थे, जो कुछ ही दिन पहले रक्षाबंधन की छुट्टियां बिताकर काम पर लौटे थे।

मलबे से निकले मजदूर, अस्पताल में मृत घोषित

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय अशोक गोंड, 32 वर्षीय राकेश कुमार गोंड, 32 वर्षीय लाल बहादुर बैगा और 30 वर्षीय दुर्योधन विश्वकर्मा के रूप में हुई है। इस अचानक हुए हादसे से चारों परिवारों में कोहराम मच गया और रविवार को जब शव गांव पहुंचे, तो पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

तीन चिताएं जलीं, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दुखद माहौल के बीच सोन घाट पर एक साथ तीन चिताएं जलीं, जबकि रीति-रिवाज के अनुसार एक शव को दफनाया गया। इस दौरान अंतिम संस्कार में शामिल हुए ग्रामीणों और परिजनों की आंखें नम थीं। ग्रामीणों में क्रशर प्लांटों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है; उनका आरोप है कि खदान और क्रशर इकाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण लगातार इस तरह के हादसे हो रहे हैं। करीब आठ महीने पहले भी सोनभद्र में हुए एक खदान हादसे में सात मजदूरों की जान चली गई थी, जिसके बाद इस ताजा घटना ने एक बार फिर खनन इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने लिया संज्ञान, जांच शुरू

प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी घटना का संज्ञान लिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मिर्ज़ापुर कमिश्नर, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त प्लांट मालिक या कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिसकी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:   औरंगाबाद पुलिस के सघन अभियान में शराब और कोयला समेत भारी मात्रा में सामान जब्त, 47 गिरफ्तार

Related to this topic: