इटावा के जसवंतनगर हाईवे पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें पुलिस और राहत टीम द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया है।
इटावा (उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर हाईवे पर देर रात चार वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत से हड़कंप मच गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।
जसवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची
बताया जा रहा है, कि टक्कर के बाद एक ट्रक का चालक और हेल्पर उसके केबिन में बुरी तरह फंस गए। दोनों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जसवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा
थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे, जबकि हाईवे टीम भी मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को निकालने के प्रयास में जुटी रही। गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
टक्कर के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित
चार वाहनों की भिड़ंत के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू की।
दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी नहीं
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हाईवे पर चार वाहन एक साथ किस परिस्थिति में भिड़े। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घायलों की स्थिति और पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में 13 लोगों की मौत, 30 घायल