इटावा जनपद के बकेवर क्षेत्र में घर में गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
इटावा (उत्तर प्रदेश)। जनपद के बकेवर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला और हास्य से भरपूर वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में घरेलू विवाद का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि घर में गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
गैस खत्म होने पर चूल्हे की बात से बढ़ा झगड़ा
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच घर में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। तभी अचानक गैस सिलेंडर खत्म हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी से चूल्हे पर खाना बनाने की बात कह दी। बस इसी बात पर पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वायरल वीडियो में दिखा कि पहले दोनों के बीच तीखी बहस होती है, फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल जाता है।
गुस्साई पत्नी ने तोड़ा चूल्हा, पति की भी कर दी पिटाई
बताया जा रहा है कि गुस्साई पत्नी ने पहले चूल्हा तोड़ दिया और फिर घर में रखा राशन इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद पति की जमकर पिटाई कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद लोग इस पर तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इंटरनेट पर लोग ले रहे मजे
सोशल मीडिया यूजर्स इस घटना को लेकर चुटकी लेते नजर आ रहे हैं। कोई इसे "सिलेंडर कांड" बता रहा है तो कोई "घरेलू वर्ल्ड वार" कहकर मजाक उड़ा रहा है। हालांकि घटना ने यह भी दिखा दिया कि भीषण गर्मी और घरेलू परेशानियां कभी-कभी छोटे विवाद को भी बड़ा रूप दे सकती हैं। फिलहाल यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे मनोरंजन के रूप में खूब साझा कर रहे हैं।