गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि बहन को लेने पहुंचे भाई और उसके साथियों से मारपीट की गई थी।
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। जनपद गोंडा के थाना मोतीगंज पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर पिपरा भिटौरा अंधरिजोत गांव के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय रवाना कर दिया।
बहन को लेने पहुंचे भाई के साथ मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामला 8 अक्टूबर 2026 को थाना मोतीगंज क्षेत्र के ग्राम पिपरा भिटौरा का है। ग्राम छजवा, सहायपुरवा निवासी राजेन्द्र वर्मा पुत्र राम सुधार वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बहन पिंकी वर्मा की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व पिपरा भिटौरा निवासी जगतराम वर्मा पुत्र चन्द्रभान वर्मा के साथ हुई थी।
बहन को लेने पहुंचे भाई और रिश्तेदारों से मारपीट
आरोप है कि 8 अक्टूबर को पिंकी वर्मा ने फोन कर अपने ससुराल पक्ष में विवाद होने और देवर राजकुमार वर्मा द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना दी। इसके बाद राजेन्द्र वर्मा अपने भाई रोहित वर्मा, चचेरे भाई विकास वर्मा तथा गांव के प्रिंस तिवारी, अमित वर्मा और खुशीलाल गोस्वामी के साथ अपनी बहन को लेने पहुंचे। तहरीर के मुताबिक, वहां राजकुमार वर्मा और राजेश कुमार वर्मा ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में राजेन्द्र वर्मा, रोहित वर्मा, विकास वर्मा और पिंकी वर्मा के घायल होने की बात कही गई है।
दो वांछित आरोपी गिरफ्तार
मामले में पीड़ित पक्ष की लिखित तहरीर के आधार पर थाना मोतीगंज में मु0अ0सं0 221/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित राजकुमार वर्मा उर्फ सोनू पुत्र चन्द्रभान वर्मा और राजेश कुमार वर्मा पुत्र चन्द्रभान वर्मा, निवासी ग्राम पिपरा भिटौरा, थाना मोतीगंज, जनपद गोंडा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामभवन पासवान, उपनिरीक्षक नारदमुनि कन्नौजिया, हेड कांस्टेबल दयानन्द यादव और हेड कांस्टेबल ज्ञानदेव यादव शामिल रहे।थाना मोतीगंज पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में शादी का झांसा देकर महिला के यौन शोषण का आरोप, पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार