प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

खोज निकाले 251 खोए मोबाइल

गोंडा पुलिस ने 55 लाख के 251 खोए मोबाइल लौटाए, 17 थानों की टीम को मिली सफलता

गोंडा में पुलिस और सर्विलांस टीम ने 251 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए। बरामद मोबाइल की कीमत 55.22 लाख रुपये बताई गई है। शेष मोबाइल की तलाश जारी है।

गोंडा पुलिस ने 55 लाख के 251 खोए मोबाइल लौटाए 17 थानों की टीम को मिली सफलता

Gonda Police Recover 251 Lost Phones Worth Rs 55 Lakh, Return Them to Owners |

गोंडा (उत्तर प्रदेश)। पुलिस और सर्विलांस टीम ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 17 थानों की पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने 251 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 55 लाख 22 हजार रुपये है। 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक गोंडा ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर 1 जुलाई से 13 अक्टूबर 2026 तक खोये मोबाइल की 603 शिकायतें दर्ज हुई थीं। इनमें से 251 मोबाइल बरामद किए गए हैं। शेष मोबाइलों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

17 थानों और नोडल टीम ने मिलकर बरामद किए 251 मोबाइल फोन

खोये मोबाइलों की बरामदगी के लिए सर्विलांस सेल और सभी थानों की टीमों का गठन किया गया था। सर्विलांस टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल बरामद किए। इनमें एप्पल, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी और वनप्लस सहित अन्य कंपनियों के फोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों में कोतवाली नगर से 55, कोतवाली देहात से 3, खरगूपुर से 10, इटियाथोक से 13, धानेपुर से 10, नवाबगंज से 10, वजीरगंज से 10, तरबगंज से 10, उमरी बेगमगंज से 7, करनैलगंज से 21, कटरा बाजार से 6, कौड़िया से 6, परसपुर से 6, मनकापुर से 5, छपिया से 4, खोड़ारे से 16 और मोतीगंज से 6 मोबाइल बरामद हुए। नोडल टीम ने भी 53 मोबाइल बरामद किए। इस तरह कुल 251 मोबाइल उनके स्वामियों को लौटाए गए।

खोए मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिले

खोये हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि शेष मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपने मोबाइल में ‘संचार साथी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। मोबाइल खोने पर बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड एवं पहचान पत्र के साथ संबंधित थाने में संपर्क कर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। बरामदगी से संबंधित सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो सकती है। इस अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार सहित सर्विलांस सेल, स्वाट टीम और विभिन्न थानों में सीईआईआर पोर्टल पर नियुक्त पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  

यह भी पढ़ें:   बरेली में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Related to this topic: