उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए भगवान के समान हैं। उनके ज्ञान, सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता से लोगों को नया जीवन मिलता है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए भगवान के समान हैं। उनके ज्ञान, सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता से लोगों को नया जीवन मिलता है। चिकित्सकों का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज और सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वह शनिवार को लखनऊ के रिवर बैंक कॉलोनी स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) भवन में आयोजित आईएमए लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आयुष्मान भारत से गरीबों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं, 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का विस्तार किया गया है, जिससे उन्हें इलाज के खर्च में आर्थिक सहायता मिल सके।
प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का हो रहा विस्तार
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से लोगों को अपने क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारत ने स्वदेशी वैक्सीन, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की अपनी क्षमता प्रदर्शित की।
चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों को निर्भीक होकर सेवाएं देने के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए। चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों के साथ धमकी, दबाव या अनुचित व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के संचालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, आवश्यक अनुमतियों और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है। इसके साथ ही चिकित्सा संस्थानों को निर्धारित मानकों और मरीजों के हितों का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए। सरकार चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
Caption
आईएमए के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की सराहना
केशव प्रसाद मौर्य ने आईएमए लखनऊ की ओर से चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ व्याख्यान, ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, सीपीआर प्रशिक्षण, कैंसर जागरूकता और चिकित्सक कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' का संदेश संपूर्ण मानवता के कल्याण की भावना को व्यक्त करता है। चिकित्सकों को इसी सेवा भावना के साथ काम करते हुए जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में योगदान देना चाहिए।
करीब 90 चिकित्सक सम्मानित, आठ को विशेष पुरस्कार
समारोह में आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वर्षभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए करीब 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान आठ चिकित्सकों को विभिन्न श्रेणियों में विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें डॉ. अर्चिका गुप्ता, डॉ. नीरज टंडन, डॉ. राकेश श्रीवास्तव, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. सीमा मेहरोत्रा, डॉ. शिप्रा नाथ, डॉ. सुधा सिंह और डॉ. वंदना सोलंकी शामिल हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा, आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, वरिष्ठ चिकित्सक, संगठन के पदाधिकारी और सदस्य चिकित्सक अपने परिजनों के साथ उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: दिल्ली स्कूलों की किताबों पर सियासी घमासान: सौरभ भारद्वाज ने की लैब टेस्ट की मांग