प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बिरासनी धाम में गुप्त नवरात्रि

मां बिरासनी धाम में श्रद्धा के साथ मनाई जा रही गुप्त नवरात्रि

उमरिया के मां बिरासनी धाम में गुप्त नवरात्रि के दौरान विशेष पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ और हवन के साथ श्रद्धालु मां भगवती की आराधना कर रहे हैं।

मां बिरासनी धाम में श्रद्धा के साथ मनाई जा रही गुप्त नवरात्रि

Gupt Navratri Celebrations Underway at Maa Birasani Dham in Umaria |

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बिरासनी धाम में इन दिनों गुप्त नवरात्रि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जा रही है। मंदिर परिसर में विधि-विधान से मां भगवती की विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती का पाठ और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन

मां बिरासनी शक्तिपीठ के पुजारी छोटू पंडा ने बताया कि गुप्त नवरात्रि का पाठ लगातार नौ दिनों तक चलेगा। मंदिर परिसर में अलग-अलग स्थानों पर विद्वान पंडित और पुजारी बैठकर दुर्गा सप्तशती सहित अन्य धार्मिक ग्रंथों का पाठ कर रहे हैं। इसके साथ ही विशेष पूजा-अर्चना और हवन भी आयोजित किए जा रहे हैं।

वर्ष में होती हैं कुल चार नवरात्रियां

आचार्य राकेश उपाध्याय ने बताया कि वर्ष में कुल चार नवरात्रियां होती हैं। इनमें चैत्र और शारदीय नवरात्रि से अधिकांश लोग परिचित हैं, जबकि शास्त्रों में दो गुप्त नवरात्रियों का भी उल्लेख मिलता है। पहली गुप्त नवरात्रि आषाढ़ शुक्ल पक्ष से नवमी तक और दूसरी माघ शुक्ल पक्ष से नवमी तक मनाई जाती है। आषाढ़ माह में आने वाली गुप्त नवरात्रि का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व विशेष माना जाता है।

गुप्त नवरात्रि सामान्य नवरात्रि से अलग

उन्होंने बताया कि गुप्त नवरात्रि सामान्य नवरात्रि से अलग होती है। इस दौरान मां दुर्गा के साथ दस महाविद्याओं की उपासना का विशेष महत्व माना गया है। श्रद्धालु मंत्र जाप, हवन, दुर्गा शक्ति का पाठ और विशेष साधना करते हैं। मान्यता है कि इस अवधि में श्रद्धा और नियमपूर्वक की गई आराधना से देवी की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

धाम में इन दिनों बना है भक्तिमय वातावरण

आचार्य के अनुसार, इस नवरात्रि में किए जाने वाले अधिकांश अनुष्ठान सार्वजनिक रूप से नहीं, बल्कि गोपनीय तरीके से संपन्न होते हैं। यही कारण है कि इसे गुप्त नवरात्रि कहा जाता है। मां बिरासनी धाम में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति एवं देवी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ेंः महासमुंद में 31.54 किलो गांजा जब्त, उत्तर प्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार

Related to this topic: