ग्वालियर मंदिर हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी ने पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की है। साथ ही भीड़ प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए प्रशासन की जवाबदेही तय करने को कहा है।
ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की है और साथ ही भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
खड़गे और राहुल ने उठाए गंभीर सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से श्रद्धालुओं की मौत बेहद हृदय विदारक है। उन्होंने राज्य सरकार से घायलों के लिए तुरंत चिकित्सा सुविधाएं और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। खड़गे ने कहा कि इस तरह के हादसे भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं, इसलिए सरकार और प्रशासन को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
वहीं, राहुल गांधी ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
प्रशासनिक लापरवाही और जांच की मांग
इस भीषण दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पीड़ितों के परिवारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका सवाल है कि नवरात्रि के विशेष अवसरों पर जब सुरक्षा के कड़े इंतजाम होते हैं, तब बैरिकेड्स और पुलिस चेकपॉइंट को पार करके ट्रक मंदिर के पास तक कैसे पहुंच गया। जिला प्रशासन ने इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
हादसे का अब तक का अपडेट
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के मुताबिक, इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। वहीं एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि 39 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख और अन्य घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पीएमएनआरएफ से मुआवजे की घोषणा की है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक का कहर, 12 श्रद्धालुओं की मौत