रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बे में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक होटल में काम करने वाले एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक सुबह मोबाइल चार्ज करने के लिए बोर्ड में चार्जर लगा रहा था, तभी वह बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे से होटल स्टाफ और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रताप होटल में पिछले 10 वर्षों से कर रहा था हलवाई का काम
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के आचार्यनगर निवासी अजय प्रजापति (30) पुत्र सत्यप्रकाश प्रजापति लालगंज कस्बे में स्थित प्रताप होटल में पिछले करीब 10 वर्षों से खाना बनाने (हलवाई) का काम करता था। रोज की तरह वह आज सुबह भी होटल में अपने काम पर था।
चार्जर लगाते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है, कि सुबह के समय अजय अपना मोबाइल चार्ज करने के लिए बिजली के बोर्ड में चार्जर लगा रहा था, इसी दौरान बोर्ड में उतरे करंट की चपेट में वह आ गया और बुरी तरह झुलस कर अचेत हो गया। होटल में मौजूद अन्य स्टाफ ने आनन-फानन में उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंचाया। हालांकि, वहां तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जाँच की गई शुरू
लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि होटल में करंट लगने से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विधिक जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ेंः जमीन विवाद में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, FIR के बाद अब केस वापस लेने की मिल रहीं धमकियां!