हरिद्वार में कुंभ 2027 के लिए 7.84 करोड़ रुपये से 6.5 किमी पैदल मार्ग विकसित किया जा रहा है। बिल्केश्वर और मंसा देवी जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर सुरक्षित और आसान होगा।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ हरिद्वार में श्रद्धालुओं के आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। हरकी पैड़ी को केंद्र में रखते हुए प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक बेहतर पैदल संपर्क विकसित करने की दिशा में पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मंसा देवी मार्ग तक लगभग 6500 मीटर लंबाई में पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ का निर्माण तेजी से जारी है। इसके लिए 7.84 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मलबा हटाकर पैदल यात्रियों के लिए बनेगी जगह
PIU, PWD के माध्यम से संचालित इस योजना में रेज्ड फुटपाथ विकसित करने के साथ ही मार्ग के आसपास लंबे समय से जमा मलबे को हटाकर पैदल यात्रियों के लिए व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान तैयार किए जा रहे हैं। योजना के तहत भगत सिंह चौक से रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाले क्षेत्र में भी आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। मार्ग को सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए उपयुक्त स्थानों पर ग्रीन प्लांटर एरिया विकसित करने का प्रावधान है।

बिल्केश्वर और मंसा देवी मार्ग की सुधरेगी सूरत
बिल्केश्वर मंदिर मार्ग पर दोनों ओर पेव्ड शोल्डर्स का निर्माण, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण तथा मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण भी योजना का हिस्सा है। इसके साथ ही केसी नालियों का निर्माण और मार्ग के विस्तारित किए जा रहे हिस्सों में सड़क निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्य प्रस्तावित हैं। योजना में रेलवे अंडरपास के समीप स्थित तिराहे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया गया है।
कुंभ के बाद भी शहर को मिलेगी बेहतर पैदल सुविधा
रेलवे विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण के बाद बनी सहमति के अनुसार यहां साइड की दीवार को कुछ पीछे करते हुए निर्माण किया जाएगा। कुंभ मेला-2027 के लिए विकसित की जा रही व्यवस्थाओं में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी जा रही है। पैदल मार्गों का सुनियोजित विकास इसी व्यापक व्यवस्था का हिस्सा है। इससे कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और भविष्य में भी हरिद्वार शहर में पैदल आवागमन के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध रहेगी।

अन्य प्रमुख मार्गों पर भी बन रहे सुरक्षित फुटपाथ
बिल्केश्वर और मां मंसा देवी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले ये मार्ग श्रद्धालुओं की आवाजाही की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। कुंभ के दौरान हरकी पैड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इन धार्मिक स्थलों की ओर जाने की संभावना को देखते हुए पैदल मार्गों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में यह कार्य महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही हरिद्वार के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में ‘हनुमान अंश’ फिल्म टैक्स-फ्री घोषित, सरकार करेगी SGST की भरपाई