हाथरस के सिकंदराराऊ में युवक से कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर के बाजार में सोमवार शाम एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने और उसके ऊपर पेशाब करने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराराऊ ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
गले में अंगोछे का फंदा डालकर बाजार में घसीटा
नगला भानचंद निवासी शिव कुमार पुत्र मुनेस कुमार सोमवार शाम किसी काम से वाजिदपुर बाजार गया था। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, बाजार में पहले से मौजूद चार-पांच लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। आरोप है, कि इसके बाद लोहे की रॉड और सरिया से उसके साथ जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके गले में अंगोछे का फंदा डालकर जमीन पर गिरा दिया और बाजार में घसीटते हुए भी पीटा।
पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद युवक को अधमरा हालत में छोड़ दिया गया और उसके ऊपर पेशाब भी किया गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है।
आरोपियों से उनके बेटे का पहले से मुकदमा चल रहा
घायल शिव कुमार को परिजन सीएचसी सिकंदराराऊ लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। शिव कुमार के पिता का आरोप है कि आरोपियों से उनके बेटे का पहले से मुकदमा चल रहा है और आरोपी मुकदमा खत्म करने का दबाव बना रहे थे। इसी रंजिश में घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर मामले की जांच
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही सिकंदरा राऊ थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी।
इस घटना में अब तक 4 की हो चुकी गिरफ्तारी
इसी क्रम में बुधवार की शाम पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, इस घटना में अब तक 4 की गिरफ्तारी हो चुकी है, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। सीओ सिकंदरा राऊ अमित पाठक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बूंदी में निर्माणाधीन ERCP प्लांट में बड़ा हादसा, तीन चिमनियां गिरीं; एक मजदूर की मौत