प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बारिश से स्कूलों में जलजमाव

औरंगाबाद में बारिश से कई स्कूल जलमग्न, नजदीकी विद्यालयों में होंगी कक्षाएं

औरंगाबाद में लगातार बारिश से कई सरकारी स्कूलों में पानी भर गया है, जिसके चलते बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षाएं अस्थायी रूप से नजदीकी सुरक्षित विद्यालयों में संचालित की जाएंगी।

औरंगाबाद में बारिश से कई स्कूल जलमग्न नजदीकी विद्यालयों में होंगी कक्षाएं

Heavy Rain Submerges Schools in Bihar’s Aurangabad, Classes to Shift to Nearby Schools |

औरंगाबाद (बिहार)। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण स्कूली शिक्षा भी प्रभावित हुई है। जिले के निचले इलाकों में स्थित कई सरकारी विद्यालयों में बारिश का पानी घुस गया है। कक्षा-कक्षों में पानी भरने से बच्चों को पढ़ाई में परेशानी हो रही है। कई जगह बच्चे बरामदे में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं, जबकि कुछ विद्यालयों के मैदान में जलजमाव के कारण प्रार्थना सभा भी नहीं हो पा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में सबसे ज्यादा परेशानी

बारिश के कारण सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में सामने आई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से स्कूल परिसर और कक्षाओं में पानी जमा हो गया है। अभिभावक भी बच्चों को पानी के बीच स्कूल भेजने को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है, कि जलजमाव के कारण फिसलन के साथ ही कीड़े-मकोड़ों का खतरा भी बना हुआ है।

शिक्षा विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की

स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि जलजमाव से प्रभावित विद्यालयों की रिपोर्ट सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों से ली गई है। डीईओ ने बताया कि ऐसे विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है, कि जब तक स्कूल में पानी की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक बच्चों की पढ़ाई नजदीक के सुरक्षित विद्यालय भवन में कराई जाए। इसके लिए संबंधित प्रधानाध्यापकों को आपस में समन्वय बनाकर कक्षाएं संचालित करने को कहा गया है।

बच्चों की सुरक्षा के साथ पढ़ाई विभाग की प्राथमिकता

दयाशंकर सिंह ने कहा, कि बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई भी विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी। विद्यालयों में पानी कम होने के बाद साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराकर दोबारा उसी भवन में कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी।

यह भी पढ़ेंः रायबरेली में ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Related to this topic: