प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: टिहरी में भूस्खलन, हरिद्वार-पौड़ी के लिए रेड अलर्ट जारी

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए पर कद्दूखाल स्थित दुकानों के पास गुरुवार को भूस्खलन हो गया।

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर टिहरी में भूस्खलन हरिद्वार-पौड़ी के लिए रेड अलर्ट जारी

Landslide in Tehri, Red Alert Issued |

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए पर कद्दूखाल स्थित दुकानों के पास गुरुवार को भूस्खलन हो गया। टिहरी गढ़वाल आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, इस हादसे में एक पुरानी खाली इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। एहतियात के तौर पर घटना से पहले ही खतरे की जद में आए दो रेस्तरां, सड़क किनारे के स्टॉल और मजदूरों के अस्थायी आश्रयों को खाली करा लिया गया था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह भूस्खलन एक निजी व्यक्ति द्वारा होटल निर्माण के लिए कराई जा रही खुदाई के कारण हुआ। घटना में किसी भी व्यक्ति या पशुधन के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हरिद्वार में भारी बारिश से जलभराव

इस बीच, उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान सही साबित हुआ है। हरिद्वार में बुधवार देर रात से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सबसे अधिक जलभराव भगत सिंह चौक पर देखा गया, जहां रेलवे पुल के नीचे पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। कई वाहन पानी में फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाढ़ के पानी में फंसी कर्मचारियों की बस

उत्तराखंड स्टेट इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (SIDCUL) के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस भी बाढ़ के पानी में फंसने के बाद खराब हो गई। वहीं, पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन घंटों के लिए हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, लक्सर, मंगलौर, खानपुर, गुमखाल, दुगड्डा, कोटद्वार, देवराना और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

देहरादून में राहत, स्कूलों की छुट्टी घोषित

दूसरी ओर, देहरादून और आसपास के इलाकों में रातभर हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचने, यात्रा से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लेने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराया टोटो; एक ही परिवार के 10 लोग घायल

Related to this topic: