मध्य प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए जमीन घोटाले के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
भोपाल: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कांग्रेस के लगाए गए भूमि संबंधी आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इन आरोपों पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस का एक सोचा-समझा षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता केवल भ्रम की स्थिति पैदा कर मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। खंडेलवाल ने कांग्रेस के सभी आरोपों को पूरी तरह गलत, निराधार और तथ्यहीन बताते हुए उनका खंडन किया।
जमीनों के आंकड़ों पर दी सफाई
खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार की संपत्तियों का ब्योरा देते हुए स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव नामांकन के दौरान घोषित 17 एकड़ भूमि में आज तक कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि और उनके पुत्र वैभव यादव के नाम दर्ज 16 एकड़ भूमि में भी मुख्यमंत्री बनने के बाद से कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सभी भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पहले की हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री की पुत्रवधू शालिनी यादव द्वारा खरीदी गई 10 एकड़ कृषि भूमि पूरी तरह से मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर है।
सिद्धिविनायक कंपनी और रिश्तेदारों पर रुख साफ
कांग्रेस की ओर से उठाए गए सिद्धिविनायक कंपनी के मुद्दे पर बोलते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वर्ष 2017 में ही इस कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था। कंपनी के पास वर्ष 2023 में 68 एकड़ भूमि थी, जो बाद में घटकर 65 एकड़ रह गई। इसमें मुख्यमंत्री की कोई भूमिका नहीं है। वहीं, रिश्तेदारों को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि रिश्तेदारों का अपना स्वतंत्र व्यावसायिक अस्तित्व है और उनके मामलों से मुख्यमंत्री या उनके परिवार का कोई संबंध नहीं है।
पिछड़े वर्ग के नेताओं के खिलाफ साजिश का आरोप
हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष विकास के मुद्दों पर सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रहा है, इसलिए वह इस तरह के ओछे आरोप लगाकर सरकार को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने भावुक कार्ड खेलते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग से आने वाले लोकप्रिय नेताओं के खिलाफ पहले भी इस तरह के षड्यंत्र किए जाते रहे हैं, लेकिन मध्य प्रदेश की जनता सच्चाई को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रदेश के विकास, किसान कल्याण और औद्योगिक प्रगति के लिए लगातार समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।