कभी-कभी सड़क के गड्ढे भी लोगों के लिए जानलेवा हो सकते हैं। हरिद्वार नेशनल हाईवे से आई सड़क हादसे की तस्वीर ने सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीलीभीत {उत्तरप्रदेश}: कभी-कभी सड़क के गड्ढे भी लोगों के लिए जानलेवा हो सकते हैं। हरिद्वार नेशनल हाईवे से आई सड़क हादसे की तस्वीर ने सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां अप्सरा नदी पुल के पास सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। अचानक सामने आए सड़क पर गड्ढे को बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे पीछे बैठी महिला की सड़क पर गिरने से मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ दशहरे की छुट्टी पर घर लौट रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है।
दशहरे की छुट्टी पर घर लौट रहा था परिवार
दरअसल सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी मोहन स्वरूप का परिवार उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता है। दशहरे के त्योहार पर छुट्टी मिलने के बाद परिवार गांव आ रहा था। मोहन स्वरूप की पत्नी 40 साल की सविता देवी अपने बेटे अमन गंगवार के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक जहानाबाद क्षेत्र में अप्सरा नदी पुल के पास पहुंची, तभी अचानक हाईवे पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और फिसलकर गिर गई।
सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत
बाइक पर पीछे बैठीं सविता देवी सड़क पर गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल सविता को जहानाबाद सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
ये भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ से देशभर में शोक, राष्ट्रपति मुर्मू समेत कई नेताओं ने जताई संवेदना