मध्य प्रदेश के राजगढ़-ब्यावरा हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव के अंग 50 मीटर दायरे में बिखर गए। 24 घंटे में यह दूसरा बड़ा हादसा है।
Horrific bike accident on Rajgarh-Biaora highway kills youth, body parts scattered |
मध्यप्रदेश (मध्य प्रदेश)। राजगढ़-ब्यावरा के बीच जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि करीब 50 मीटर के दायरे में युवक के शरीर के अंग बिखर गए। घटनास्थल पर कहीं हाथ तो कहीं सिर और पैर पड़े मिले। टक्कर के बाद बाइक भी करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना राजगढ़ पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को संभाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस बाइक के पंजीयन नंबर के आधार पर युवक की जानकारी जुटाने में लगी है।
घटनास्थल से गुजर रहे लोगों के मुताबिक हादसे के दौरान वहां एक बुजुर्ग महिला भी मौजूद थी। वह घटनास्थल पर बैठी रोती हुई दिखाई दी। महिला का मृतक से क्या संबंध है और वह बाइक पर उसके साथ थी या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के अनुसार पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
24 घंटे में दूसरा हादसा, एक्सीडेंटल जोन बना यह हाइवे
बाइक की तेज रफ्तार ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। यह पहला हादसा नहीं जो राजगढ़-ब्यावरा के बीच हुआ, एक दिन पहले भी होमगार्ड ऑफिस के सामने हादसा हुआ था, जिसमें करीब चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। बेकाबू मोटर साइकिलें और रफ्तार से चलने वाले ट्रक, डम्पर हादसे का कारण बन रहे हैं। न कोई हेलमेट पहन रहा न ही कोई ध्यान दे रहा, इसीलिए त्योहारी सीजन में इस तरह के हादसे हो रहे हैं और विचलित कर देने वाले दृश्य सामने आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड दौरे पर नमन धीर का शानदार प्रदर्शन, इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज मेडल से हुए सम्मानित