गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र में दहेज हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया। उस पर बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप है।
गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। गोंडा जिले के खोड़ारे थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने और उसकी मौत के मामले में संलिप्त होने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल के नेतृत्व में थाना खोड़ारे पुलिस ने आरोपी विसमभर उर्फ लालमन यादव निवासी बक्सरिया ग्रांट बनकटवा को बभनान-बक्सरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, अमृता यादव निवासी बुक्कनपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री वंदना देवी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व विसमभर यादव से हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 18 जून 2026 को मारपीट के बाद वंदना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई।
संबंधित धाराओं में मुकदमा हुआ दर्ज
तहरीर के आधार पर थाना खोड़ारे में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
यह भी पढ़ेंः सुगौली थाना क्षेत्र में फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस