गोंडा में 22 वर्षीय रिंकी देवी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनके पति रिंकू कोरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गोंडा: मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में 22 वर्षीय विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतका रिंकी देवी की शादी करीब दो साल पहले मनकापुर क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी रिंकू कोरी से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। करीब पांच महीने पहले मारपीट कर रिंकी को ससुराल से निकालने का आरोप भी लगाया गया है। इसके बाद वह अपने मायके अंबरपुर गांव में रहने लगी थी।
पिता की शिकायत पर जांच शुरू
परिजनों के मुताबिक, मायके में रहने के दौरान रिंकी की अपने पति से फोन पर बातचीत होती थी। 8 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। आरोप है कि इस दौरान पति ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके बाद रिंकी ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मृतका के पिता रामबली ने मनकापुर कोतवाली में अपने दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
विवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार
मनकापुर कोतवाल तेज प्रताप सिंह के मुताबिक, आरोपी की तलाश की जा रही थी। रविवार शाम करीब चार बजे पुलिस ने रिंकू कोरी को जिला मुख्यालय क्षेत्र में एलएनटी प्लांट के पास से गिरफ्तार किया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब घटना से पहले पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत की जानकारी जुटाने के लिए दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- फतेहपुर में मां की हत्या का आरोपी बेटा 24 घंटे में गिरफ्तार, फावड़ा बरामद