औरंगाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से इडली विक्रेता की मौत हो गई। मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
औरंगाबाद (बिहार)। अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना एनएच-139 पर रिसियप थाना क्षेत्र धनु बिगहा और बभंडीह गांव के बीच की है। मृतक की पहचान सिमरा थाना क्षेत्र के नैन बिगहा गांव निवासी प्रमोद माली के 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राकेश घूम-घूमकर इडली बेचता था। मंगलवार की देर रात इडली बेचने के बाद वह अंबा लौट रहा था।
इलाज से पहले तोड़ा दम, दो घंटे तक सड़क जाम
इसी दौरान एक अज्ञान वाहन ने टक्कर मार दी जिसमें वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने राकेश को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव को अंबा मुख्य चौक पर ले आए और सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक रोड जाम किया। जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कतार लग गई।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, मुआवजे के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय पुलिस घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे वहीं छोड़कर लौट गई। उनका कहना था कि यदि समय पर पुलिस उसे अस्पताल पहुंचाती तो उसकी जान बच सकती थी। सूचना मिलने पर अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद उन्होंने सरकारी मुआवजा दिलाने और नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया गया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजन के अनुसार, राकेश अंबा बाजार के देव रोड में किराए के मकान में रहता था। उसकी मां सरिता देवी वार्ड सदस्य हैं। राकेश 3 भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब 5 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि जरूरी कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: यूपी में 3 करोड़ से अधिक लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन, प्रयागराज सबसे आगे