प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

IIT बॉम्बे में छात्र की मौत पर विरोध

IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला: संस्थान ने मांगी माफी, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला निलंबित

IIT बॉम्बे ने छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या मामले में माफी मांगी है। प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को निलंबित कर दिया गया है, और मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर।

iit बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला संस्थान ने मांगी माफी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला निलंबित

Parents of the deceased student at the Police station (File Photo) |

मुंबई (महाराष्ट्र)। IIT बॉम्बे ने सोमवार को प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की डीन की जिम्मेदारी (डीनशिप) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और घटना के संबंध में अपने पहले के बयानों को वापस लेते हुए औपचारिक माफी मांगी। निलंबन का निर्णय IIT बॉम्बे के निदेशक शिरीष बी. केदारे ने लिया। संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया कि केदारे ने निदेशक पद से इस्तीफा नहीं दिया है, जैसा कि कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था। एक आधिकारिक बयान में IIT बॉम्बे ने दुखद घटना से संबंधित परिस्थितियों के बारे में अपने पहले के दावों को भी वापस ले लिया। संस्थान ने माना कि बिना किसी उचित जांच प्रक्रिया के, जल्दबाजी में किए गए दावों ने घटनाओं को गलत तरीके से पेश किया था।

छात्र की मौत से पहले की परिस्थितियां जांच के घेरे में

संस्थान ने कहा, "साहिल की दुखद मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में हमारे पिछले बयान में कही गई बातों के लिए हम माफी मांगते हैं।" संस्थान ने आगे कहा, "घटना की वजह बनीं डिटेल्स और परिस्थितियां अभी भी संबंधित अधिकारियों की जांच के दायरे में हैं। चल रही जांच को देखते हुए, उनकी मौत से पहले की घटनाओं के बारे में डिटेल्स बताना या उन्हें किसी तरह का रूप देना गलत था, जबकि उन्हें उचित जांच प्रक्रिया के जरिए अभी तक पूरी तरह से साबित नहीं किया गया था।"

परीक्षा में नकल और छात्र की मौत का मामला

एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के छात्र साहिल वाकोडे ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली थी। 19 सितंबर को जारी एक बयान में, IIT बॉम्बे ने आरोप लगाया था कि छात्र परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया था। IIT बॉम्बे ने एक बयान में कहा, "उस दिन पहले, एक परीक्षा के दौरान, छात्र को परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। उसने जवाब पाने के लिए परीक्षा का प्रश्न पत्र ChatGPT पर अपलोड किया था। छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट के हेड ने भी छात्र से इस मामले पर बात की थी, उसे समझाया था और भरोसा दिलाया था कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया। बाद में शाम को, वह अपने कमरे में मृत पाया गया।"

फैकल्टी फोरम ने प्रोफेसर डूला का समर्थन किया

इस बीच, IIT बॉम्बे फैकल्टी फोरम ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के प्रति समर्थन जताया है। फोरम का कहना है कि छात्र के पास "अनाधिकृत रूप से स्मार्टफोन होने और उसके इस्तेमाल" का पता चलने के बाद उन्होंने संस्थागत प्रोटोकॉल का पालन किया। फोरम ने बयान में कहा, "हम अपने साथी प्रो. सूर्यनारायण डूला के प्रति अपना पूरा समर्थन जताते हैं, जो संस्थान की सीनेट द्वारा मंजूर और अभी लागू एकेडमिक नीतियों के अनुसार अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।" साथ ही, फोरम ने छात्र के परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की। फोरम ने बताया कि कोर्स इंस्ट्रक्टर प्रोफेसर डूला 18 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मिड-सेमेस्टर परीक्षा की निगरानी कर रहे थे, तभी उन्होंने एक छात्र को बिना इजाजत स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हुए देखा, जिसे फोरम ने "शैक्षणिक कदाचार" (academic malpractice) करार दिया।

फोरम ने बताया अकादमिक कदाचार का मामला

फोरम ने कहा, "संस्थान की मंजूरी वाली प्रक्रिया के तहत, उन्होंने इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए संस्थान के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। IIT बॉम्बे का फैकल्टी फोरम हमारे साथी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की प्रतिष्ठा को धूमिल किए जाने से बेहद दुखी है, जो केवल अपनी शैक्षणिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे और संस्थान द्वारा स्वीकृत प्रक्रियाओं का पालन कर रहे थे।"

मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच

मुंबई पुलिस ने कथित आत्महत्या के मामले को आधिकारिक तौर पर क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है। मृतक के पिता ने कैंपस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद, मुंबई पुलिस ने IIT बॉम्बे के प्रोफेसर और परीक्षा के दौरान निगरानी करने वाले सूर्यनारायण दूल्ला के खिलाफ FIR दर्ज की। मृतक छात्र के पिता ने शिकायत में उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि प्रोफेसर ने पिछले तीन महीनों में छात्र पर जातिसूचक टिप्पणियां कीं। दूल्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र मौत मामला: फैकल्टी फोरम ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला के समर्थन में जताई एकजुटता

Related to this topic: