जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर पर बैठा 8 वर्षीय बच्चा अचानक नीचे गिरकर रोटावेटर की चपेट में आ गया।
जौनपुर: खेत में ट्रैक्टर से हो रही जुताई के दौरान एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में ट्रैक्टर पर बैठा 8 वर्षीय मासूम अचानक नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। इस हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खेत में चल रहा था जुताई का काम
जानकारी के मुताबिक, मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में खेत की जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान आठ वर्षीय मासूम ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। जुताई के दौरान अचानक वह नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजन बदहवास हो गए, जिस परिवार में कुछ देर पहले तक सब सामान्य था, वहां अचानक चीख-पुकार गूंजने लगी।
हादसे के बाद गांव में मातम
इस दर्दनाक घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए और पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल, मधुपुर गांव में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है। महज आठ साल की उम्र में मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ये भी पढ़ें- सुल्तानपुर में 22 वर्षीय नर्स का किराए के कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस