प्रतापगढ़ में जेठवारा पुलिस ने पशु चोरी के आरोपी मो. मुजीब को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पांच गांवों से 18 बकरियां चोरी करने की बात कबूल की है।
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)। प्रतापगढ़ जिले में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जेठवारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पशु चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त एक अंतरजनपदीय अभियुक्त मो. मुजीब को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से प्रयागराज से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. मुजीब पुत्र मोहर्रम, निवासी ननईया राहटीकर, थाना उदयपुर, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
ऊदापुर गांव में तीन बकरे और एक बकरी की हुई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि जेठवारा थाना क्षेत्र के ऊदापुर गांव निवासी वजहुल कमर के तीन बकरे और एक बकरी चोरी हो गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पशुओं की तलाश शुरू की। इसी दौरान चमरूपुर पठान गांव में सफेद स्विफ्ट कार सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान तीन संदिग्ध मौके से फरार हो गए, जबकि दीपक गौड़ को कार सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में जेठवारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आशापुर मोड़ के पास मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में मामले में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव और कांस्टेबल अरविन्द कुमार की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आशापुर मोड़ के पास से मो. मुजीब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पांच गांवों से 18 बकरियां चोरी करने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर प्रतापगढ़ के अलग-अलग गांवों में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने भीखमपुर, ऊदापुर, सरायभीमसेन जहानपुर, चमरूपुर पठान और बलीपुर परसन से कुल 18 बकरियां चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस अब आरोपी के साथियों की भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।
प्रयागराज से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल की जांच में पता चला कि वह प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर एक से चोरी की गई थी। इस मामले में प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जेठवारा और प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मो. मुजीब की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: अमित शाह बोले- विकसित भारत का पहला पड़ाव होगा उत्तराखंड, 1475 करोड़ की 62 विकास परियोजनाओं की सौगात