बांदा पुलिस ने दो अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार कर 68 किलो चोरी के बिजली के तार, तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद की। कई पुरानी वारदातों का भी खुलासा हुआ।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जनपद में बिजली के तार चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच तिंदवारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 68 किलो चोरी के एल्युमीनियम बिजली के तार, तार काटने का कटर, अवैध 12 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी में इस्तेमाल की गई चारपहिया कार बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई पुरानी चोरियों से भी पर्दा उठ गया है।
पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का किया खुलासा
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत तिंदवारी पुलिस ने देर रात गौखरही मोड़, परसौड़ा के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 22 जुलाई को बिजली के तार चोरी, 1 जनवरी को ई-रिक्शा की बैटरी चोरी और 7 जून को मोबाइल टॉवर के कार्ड चोरी करने की घटनाएं स्वीकार कर लीं।
आरोपियों की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी फतेहपुर और सैफ निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सैफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ प्रयागराज में चोरी समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका है कि यह गिरोह बांदा सहित आसपास के कई जिलों में चोरी की कई और वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़े: शिक्षा सचिव की नियुक्ति पर जयराम रमेश ने उठाए सवाल, केंद्र सरकार पर साधा निशाना