जौनपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक सड़क किनारे खाली कराए जाने और नाबालिग बच्चों से काम कराने के आरोप लगाए गए हैं।
जौनपुर: जौनपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और नाबालिग बच्चों से काम कराने के आरोपों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो को जलालपुर थाना क्षेत्र के पूरेवां बाजार में बैंदा के पास का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में कई नाबालिग बच्चे काम करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, करीब 10 ट्रकों में लदी एक्सपायरी कैंपा कोल्ड ड्रिंक सड़क किनारे खाली कराए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक मामले में जांच की मांग
वायरल वीडियो और सामने आई शिकायत के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दावा है कि इस संबंध में श्रम विभाग को साक्ष्यों के साथ जानकारी दी गई है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की उम्र, कोल्ड ड्रिंक की एक्सपायरी और पूरे मामले की वास्तविकता की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में कथित एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक कहां से लाई गई और उसे सड़क किनारे खाली कराने की वजह क्या थी? अगर नाबालिग बच्चों से नियमों के विरुद्ध काम कराया जा रहा है, तो जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित विभागों की कार्रवाई को लेकर निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि श्रम विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कदम उठाते हैं।
ये भी पढ़ें- गोंडा में जानलेवा हमले के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, बहन को लेने पहुंचे भाई से मारपीट का आरोप