जयपुर में कर्ज चुकाने के लिए फिरौती मांगने की साजिश रचने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पढ़ें पूरी खबर।
जयपुर (राजस्थान)। जयपुर पुलिस ने कथित अपहरण के एक मामले में चार में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। DCP साउथ राजर्षि राज ने बताया कि आरोपियों ने अपने कर्ज चुकाने के लिए पैसे ऐंठने की योजना बनाई थी। DCP राज ने बताया कि मामले की जांच के लिए अशोक नगर पुलिस, डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) और साइबर सेल की एक स्पेशल टीम बनाई गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे संदिग्ध की तलाश जारी है।
एक हजार से अधिक CCTV कैमरों की ली मदद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घटना के दौरान नकली पिस्तौल और किचन नाइफ (रसोई में इस्तेमाल होने वाला चाकू) का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कुछ दिन पहले भी इसी तरह का अपराध करने की कोशिश की थी, लेकिन भारी भीड़ होने की वजह से वे ऐसा नहीं कर पाए। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग जगहों पर लगे 1,000 से अधिक CCTV कैमरों की जांच की। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें ट्रैक करने के लिए तकनीकी विश्लेषण का भी इस्तेमाल किया गया।
पीड़ित के भागने के बाद खुला था पूरा मामला
ये गिरफ्तारियां इस महीने की शुरुआत में जयपुर में अपहरण की कथित कोशिश की जांच के दौरान हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फिरौती मांगने के इरादे से एक व्यक्ति को निशाना बनाया था। घटना के दौरान पीड़ित भागने में सफल रहा, जिसके बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर जांच शुरू की। यह मामला अशोक नगर पुलिस थाने में दर्ज किया गया था और आरोपियों की पहचान करने व उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए कई टीमें तैनात की गई थीं।
आगे की जांच जारी
जांच के तहत जांचकर्ता CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि घटनाओं का पूरा क्रम समझने, बाकी आरोपियों की भूमिका का पता लगाने और यह पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है कि क्या यह समूह इसी तरह की किसी और घटना में शामिल था। जांच आगे बढ़ने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: सिरोही में शराब तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा आरोपी गिरफ्तार, बाड़मेर से दस्तयाब