जमुई के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्विफ्ट कार से करीब 144 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जमुई (बिहार)। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के चिरैया पुल के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 144 लीटर बताई जा रही है।
वाहन जांच में 185 बोतल शराब और 29 बोतल बीयर बरामद
सूचना के आधार पर उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब जमुई की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिरैया पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध Swift कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से करीब 185 बोतल विदेशी शराब और 29 बोतल बीयर बरामद हुई।
पश्चिम बंगाल से जमुई लाई जा रही थी शराब की खेप
बरामद शराब और बीयर की कुल मात्रा लगभग 144 लीटर है। पुलिस ने मौके से कार में सवार अजीत कुमार, टाउन थाना क्षेत्र, जमुई का रहने वाला बताया गया है, तथा उप-चालक विकास कुमार, फतेहपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि शराब पश्चिम बंगाल के बराकर से जमुई लाई जा रही थी। इसे जमुई टाउन और आसपास के इलाकों में सप्लाई किए जाने की योजना थी।
शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जमुई और लखीसराय क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किस व्यक्ति से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जानी थी।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में पैन कार्ड के नाम पर आधार-बायोमेट्रिक का दुरुपयोग, फर्जी सिम और बैंक खाते खोलने वाला गिरोह पकड़ा गया