प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

हॉस्पिटल की छत से गिरकर युवक की मौत

जमुई में हॉस्पिटल की छत से गिरकर युवक की मौत के विरोध में सड़क जाम, अस्पताल पहुंचे युवक को बदमाशों ने मारी गोली

जमुई में दीपक यादव की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम किया। इसी बीच अस्पताल के बाहर एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। पुलिस जांच में जुटी है।

जमुई में हॉस्पिटल की छत से गिरकर युवक की मौत के विरोध में सड़क जाम अस्पताल पहुंचे युवक को बदमाशों ने मारी गोली

Jamui: Road blocked over man’s fall death, another shot at hospital |

जमुई (बिहार)। जिले में शनिवार को एक ही घटना से जुड़े घटनाक्रम ने सनसनी फैला दी। बरहट थाना क्षेत्र के नुमर गांव निवासी दीपक कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग स्थित नुमर चौक को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। 

घर का इकलौता बेटा था दीपक, मौत के बाद परिवार में मातम

वहीं देर रात दीपक की मौत की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे एक युवक को अस्पताल के बाहर बदमाशों ने गोली मार दी। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के नुमर गांव निवासी दीपक कुमार यादव (पिता- गोरेलाल यादव) के रूप में हुई है। दीपक घर का इकलौता बेटा था। वह विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

दोस्त पर हत्या का शक, निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक के चाचा मनीष यादव ने बताया कि शुक्रवार रात दीपक घर पर खाना खाने के बाद सो गया था। इसी दौरान उसका दोस्त रॉकी कार लेकर घर पहुंचा और तिलक समारोह में चलने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। देर रात रॉकी ने फोन कर सूचना दी कि दीपक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपक की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि दीपक की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार सुबह मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग के नुम्मर चौक को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

सूरज को अस्पताल के बाहर बाईं जांघ में गोली मारकर फरार चार बदमाश

उधर, दीपक की मौत की सूचना मिलने पर शुक्रवार देर रात शहर के महिसौढ़ी निवासी सूरज कुमार सदर अस्पताल पहुंचे थे। रात करीब 2:45 बजे जब वह अस्पताल के बाहर बैठा था, तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और उसकी बाईं जांघ में गोली मारकर फरार हो गए। घायल सूरज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। सूरज ने बताया कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं था, हालांकि उसने तीन आरोपितों को पहचानने की बात कही है।

पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच के बाद स्पष्ट होगा मामला

सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीपक की मौत श्रद्धा हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण प्रतीत होती है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होगी। 

गोलीकांड में तीन नामजद, सीसीटीवी और सीडीआर से जांच तेज

गोलीबारी की घटना पर एसडीपीओ ने बताया कि तीन लोगों को नामजद किया गया है। अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही सीडीआर और टावर लोकेशन की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल सूरज का भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस दोनों मामलों की हर पहलू से जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी हुई है। 

यह भी पढ़ेंः    मंदसौर में फूल तोड़ने निकले युवक की धारदार हथियार से हत्या, दहशत में लोग
 

Related to this topic: