प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी

जमुई में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, ससुराल ने बताया आत्महत्या और मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

जमुई के चारण गांव में 19 वर्षीय विवाहिता प्रीति कुमारी की संदिग्ध मौत हुई। ससुराल पक्ष ने आत्महत्या बताया, जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस जांच में जुटी है।

जमुई में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी ससुराल ने बताया आत्महत्या और मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Jamui Woman Dies Under Suspicious Circumstances, Family Alleges Murder |

जमुई (बिहार)। जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के चारण गांव में 19 वर्षीय विवाहिता प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला बता रहा है, जबकि मायके वालों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो साल पहले किया था प्रेम विवाह

मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (19), पति अमित राम, निवासी चारण गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रीति ने करीब दो वर्ष पहले गांव के ही अमित राम से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच संबंध लगभग समाप्त हो गए थे और प्रीति का मायके से संपर्क भी काफी कम हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित राम रोजी-रोटी के सिलसिले में कुछ दिन पहले पुणे गया था। गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत भी हुई थी। शुक्रवार सुबह प्रीति के फांसी लगाने की सूचना मिली।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सिकंदरा थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर जान देने का प्रतीत होता है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

वहीं, मृतका के चाचा सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी भतीजी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि प्रीति के गले पर संदिग्ध निशान थे और उसकी नाइटी पर खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।

दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई

मृतका के मामा ने भी हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि घटनास्थल की स्थिति फांसी की कहानी से मेल नहीं खाती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीति के शरीर से कुछ जेवर भी गायब थे तथा पिछले छह महीने से दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट की जा रही थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़े:   औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आभूषण साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले दो अंतरजिला अपराधी गिरफ्तार

Related to this topic: