अवैध तमंचे में गिरफ्तार हुआ था साहिल उर्फ रोमियो, जमानत पर बाहर आते ही कुरसेना में फायरिंग का आरोप; पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश में जुटी।
जसवंतनगर (उत्तर प्रदेश)। कुरसेना में मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर पांच राउंड फायरिंग के आरोप ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नामजद साहिल उर्फ रोमियो को करीब आठ दिन पहले अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि गिरफ्तारी के महज तीन दिन बाद जमानत पर बाहर आते ही उसने फिर 'भौकाल' दिखाते हुए कुरसेना में युवक पर तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बीच-बचाव के दौरान की मारपीट
कुरसेना निवासी शरीफ अली पुत्र सूबेदार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह सुनील कुमार के साथ कुरसेना रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान मोहित और गुलशन के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे थे। शरीफ ने बीच-बचाव किया तो आरोप है कि साहिल उर्फ रोमियो, निशांक उर्फ नीलू और आनंद ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर निकाला तमंचा
पीड़ित के मुताबिक विवाद बढ़ने पर साहिल ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की नीयत से उस पर पांच राउंड फायर कर दिए। गोलियों की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई। हालांकि गनीमत रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
'सनकी रोमियो' नाम से ग्रुप बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश
पीड़ित का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद साहिल ने कथित रूप से 'सनकी रोमियो' नाम से ग्रुप बनाकर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की। सीओ आयुषी सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: मैनपुरी में कांवड़ यात्रा को लेकर विवाद, दो भाइयों से मारपीट का आरोप