जौनपुर के चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद ने अदालत में किया आत्मसमर्पण।
Jaunpur Groom Murder Case: Main Accused Pradeep Bind, Carrying ₹1 Lakh Reward, Surrenders in Court |
जौनपुर,(उत्तर प्रदेश)। जिले के बहुचर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। लंबे समय से फरार चल रहा और एक लाख रुपये का इनामी मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
1 मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि बीते 1 मई को खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हा आजाद बिंद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी और शादी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया।
घटना के तीन मुख्य आरोपी
जांच के दौरान तीन मुख्य आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें एक लाख रुपये का इनामी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि एक अन्य एक लाख का इनामी भोले राजभर कुछ दिन पहले अदालत में आत्मसमर्पण कर चुका है। अब तीसरे और मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद के भी अदालत में सरेंडर करने के बाद इस चर्चित हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है।
आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष
आरोपी प्रदीप बिन्द के अधिवक्ता ने बताया, कि बातचीत करने पर प्रदीप बिन्द ने अपने आप को निर्दोष बताया हालांकि पूरे मामले का फैसला कोर्ट करेगा। पुलिस अब अदालत से आरोपी की रिमांड मांग सकती है, ताकि उससे पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद
वहीं, मुख्य आरोपी के सरेंडर के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और अदालत की सुनवाई पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बहुचर्चित हत्याकांड में आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ेंः शिवपुरी में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में मिला युवक का शव, 24 घंटे से था लापता