झालावाड़ में सरकारी नौकरी, संविदा रोजगार और तबादले का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए ठगने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
झालावाड़ (राजस्थान)। सरकारी नौकरी, संविदा रोजगार और सरकारी विभागों में तबादला कराने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम का विशेष योगदान रहा।
7 अगस्त को मिली थी शिकायत
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 7 अगस्त को मिली शिकायत के बाद मामले की जांच एसआई विजय सिंह को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि गिरोह गांव-गांव जाकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था। आरोपी सरकारी विभागों, अस्पतालों और स्कूलों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर प्रति अभ्यर्थी 30 से 50 हजार रुपए तक एडवांस लेते थे।
अब तक करीब 100 से 150 अभ्यर्थियों से लाखों रुपए की ठगी
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर अब्दुल रउफ निवासी पायगा मोहल्ला झालावाड़ और सद्दाम निवासी दिलावरा, पीड़ावा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से मिले डिजिटल साक्ष्यों में कई अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज और फर्जीवाड़े से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। जांच में सामने आया कि जो अभ्यर्थी अपनी योग्यता और मेरिट से चयनित हो जाते थे, उनसे भी नौकरी लगवाने के नाम पर बकाया रकम वसूली जाती थी। वहीं चयन नहीं होने पर एडवांस राशि हड़प ली जाती थी। पुलिस के अनुसार गिरोह अब तक करीब 100 से 150 अभ्यर्थियों से लाखों रुपए की ठगी कर चुका है।
गिरोह के कुछ सदस्य पूर्व में भी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरोह के कुछ सदस्य पूर्व में भी ऐसे मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ेंः आजमगढ़ में मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई गुहार