झालावाड़ पुलिस ने ड्रग तस्कर नरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, गोपाल सिंह एवं उनके सहयोगियों की कथित अवैध कमाई से अर्जित करोड़ों रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को स्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है।
झालावाड़ (राजस्थान)। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए झालावाड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्कर नरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, गोपाल सिंह एवं उनके सहयोगियों की कथित अवैध कमाई से अर्जित करोड़ों रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को स्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद आरोपी अब इन संपत्तियों का उपयोग, विक्रय अथवा हस्तांतरण नहीं कर सकेंगे।
ऑपरेशन 'दिव्य प्रहार-2.0' के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनवरी 2026 से प्रारंभ किए गए ऑपरेशन 'दिव्य प्रहार-2.0' के तहत पुलिस केवल मादक पदार्थ तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि अवैध तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई है। पुलिस का उद्देश्य नशा माफियाओं के आर्थिक साम्राज्य को समाप्त करना है, जिससे समाज में उनका प्रभाव और रसूख खत्म किया जा सके।
गोपनीय डाटाबेस के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की एमओबी (MOB) शाखा ने मादक पदार्थ तस्कर नरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, गोपाल सिंह तथा उनके सहयोगियों की कथित अवैध चल-अचल संपत्तियों का गोपनीय डाटाबेस तैयार किया। यह जानकारी थाना सुनेल एवं मिश्रोली पुलिस के साथ साझा की गई, जिसके आधार पर संबंधित थाना अधिकारियों ने विस्तृत जांच कर संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की।
मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित आय से खरीदी गई संपत्तियों का चिन्हीकरण
जांच के दौरान थाना सुनेल एवं मिश्रोली पुलिस ने आरोपियों एवं उनके सहयोगियों के नाम पर मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित आय से खरीदी गई संपत्तियों का चिन्हीकरण किया। इसके बाद संबंधित दस्तावेजों एवं राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। इस अभियान में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में राजस्व विभाग एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। राजस्व विभाग ने पुलिस द्वारा चिन्हित संपत्तियों का रिकॉर्ड से मिलान कराया, जबकि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने उनके वर्तमान बाजार मूल्य का आकलन कर मूल्यांकन रिपोर्ट उपलब्ध कराई।
अपराध में प्रयुक्त वाहन भी जब्त
पुलिस के अनुसार, नरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह एवं गोपाल सिंह के विरुद्ध मादक पदार्थ तस्करी के कई प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ तथा अपराध में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: राजनांदगांव में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: चूना पत्थर ले जा रहे 3 वाहन जब्त