झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित करीब 2 करोड़ 28 लाख 73 हजार 593 रुपये की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की है।
राजस्थान: झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित करीब 2 करोड़ 28 लाख 73 हजार 593 रुपये की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस ने यह कार्रवाई अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में जनवरी से 'ऑपरेशन दिव्य प्रहार-2.0' चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करना और अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करना है।
पंकज राठौर समेत आरोपियों की संपत्तियां चिन्हित
कार्रवाई के तहत मादक पदार्थ तस्कर पंकज राठौर, उसके सह-अभियुक्त राहुल राठौर और उनके सहयोगियों की अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों को चिन्हित किया गया। इन संपत्तियों में पंकज राठौर, उसके पिता मदनलाल राठौर, माता धापू बाई, राहुल राठौर और उसके पिता विष्णु प्रसाद राठौर के नाम दर्ज संपत्तियां शामिल हैं। ये सभी संपत्तियां सिंदुरिया पंचायत, बौलिया बुजुर्ग और थाना सुनेल क्षेत्र से संबंधित हैं।
MOB शाखा ने तैयार किया संपत्तियों का डेटाबेस
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की एमओबी (MOB) शाखा ने आरोपियों की संपत्तियों का गोपनीय डेटाबेस तैयार किया। इसके बाद थाना सुनेल पुलिस ने गोपनीय सूचनाओं और जांच के आधार पर संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देश पर राजस्व विभाग और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने भी सहयोग किया। अधिकारियों ने राजस्व रिकॉर्ड से संपत्तियों का मिलान कर उनका वर्तमान बाजार मूल्य तय किया।
2 मकान, कृषि भूमि समेत कई संपत्तियां फ्रीज
पुलिस के अनुसार फ्रीज की गई संपत्तियों में करीब 2 मकान, कृषि भूमि, एक मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन शामिल हैं। इन सभी की कुल कीमत करीब 2.28 करोड़ रुपये बताई गई है।
अफीम डोडा चूरा तस्करी मामले से जुड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई उन मामलों से जुड़ी है, जिनमें करीब 4 क्विंटल 51 किलो और 81 किलो 880 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया था। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उन पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़े: जौनपुर में कांस्टेबल ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर; वाराणसी रेफर