झालावाड़ के मिश्रौली में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई। पूजा डेयरी से 3000 किलो संदिग्ध मावा सीज, खराब पनीर और मिठाई मौके पर नष्ट। कोटा लैब भेजे गए सैंपल।
झालावाड़ (राजस्थान)। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान अविचल चतुर्वेदी एवं जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने मिश्रौली में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूजा डेयरी से लगभग 3,000 किलोग्राम मावा सीज किया। वहीं, प्रथम दृष्टया खराब पाए जाने पर लगभग 50 किलोग्राम मिठाई एवं 25 किलोग्राम पनीर मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
घटिया पनीर की शिकायत पर प्रशासन हुआ सक्रिय
अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि पुलिस थाना गरोठ द्वारा पुलिस थाना मिश्रौली को सूचना दी गई थी कि पूजा डेयरी, मिश्रौली द्वारा घटिया गुणवत्ता का पनीर सप्लाई किया गया है। इस संबंध में थाना अधिकारी मिश्रौली द्वारा पुलिस अधीक्षक झालावाड़ को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक झालावाड़ अमित कुमार ने मामले की जानकारी अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा झालावाड़ को दी।
कोल्ड स्टोरेज से 3000 किलो मावा सीज
सूचना मिलने पर अभिहित अधिकारी द्वारा खाद्य सुरक्षा दल को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। खाद्य सुरक्षा दल एवं पुलिस थाना मिश्रौली की संयुक्त टीम ने पूजा डेयरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में लगभग 3,000 किलोग्राम मावा रखा हुआ मिला, जिसमें मिलावट का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नमूना लिया गया तथा संपूर्ण मावा सीज कर खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया।
खराब मिठाई और पनीर मौके पर नष्ट
इसके अतिरिक्त मौके पर लगभग 50 किलोग्राम मिठाई एवं 25 किलोग्राम पनीर भी पाया गया, जो प्रथम दृष्टया खराब अवस्था में था। टीम द्वारा इनके नमूने लेने के पश्चात जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही नष्ट करवाया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली खाद्य सुरक्षा टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष सिंह कुशवाहा, जगदीश चंद्र नागर एवं अमर सिंह बैरवा शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: नागौर में पटाखों के गोदाम में भीषण धमाका, 2 लोगों की मौत और एक घायल