कैलारस शक्कर कारखाना शुरू कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे जौरा विधायक पंकज उपाध्याय की पांचवें दिन तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आंदोलन स्थल पर भीड़ लग गई।
मुरैना: कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे जौरा विधायक पंकज उपाध्याय की पांचवें दिन तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के मुताबिक, लगातार अनशन के चलते उनका ब्लड शुगर 80 से नीचे पहुंच गया, जबकि ब्लड प्रेशर 150/90 दर्ज किया गया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर विधायक का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
आंदोलन स्थल पर किसानों और समर्थकों की बढ़ने लगी भीड़
विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही आंदोलन स्थल पर किसानों और समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी। कई समर्थक भावुक नजर आए। किसानों और समर्थकों का कहना है कि उनकी कैलारस शक्कर कारखाने को पुनः शुरू कराने की मांग पूरी की जाए। गौरतलब है कि 15 अगस्त से पंकज उपाध्याय आमरण अनशन पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग कैलारस शक्कर कारखाने को पुनः शुरू करना और उससे जुड़ी हस्तांतरण एवं परिसमापन की कार्रवाई को रद्द करना है।
22 अगस्त को पूरा मुरैना जिला बंद करने का किया आह्वान
वहीं, आंदोलन को लेकर संघर्ष समिति ने 22 अगस्त को संपूर्ण मुरैना जिला बंद का आह्वान किया है। विधायक की लगातार बिगड़ती सेहत के बीच अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है। फिलहाल सवाल यही है कि क्या सरकार विधायक की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल करेगी?
ये भी पढ़ें- पीडीडीयू नगर में 38 लाख रुपये की लागत से बनेगा भव्य स्थायी छठ घाट