कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित बनाने के लिए सहारनपुर में IMA और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय बैठक हुई। श्रद्धालुओं के लिए विशेष मेडिकल टीम आरक्षित बेड और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई।
सहारनपुर: आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), सहारनपुर और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय ने की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक जनकपुरी, IMA सहारनपुर के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रियों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेष टीम की गई गठित
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों को तुरंत, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सहारनपुर ने बताया कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेष टीम गठित की गई है, जो आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी।
हेल्पलाइन और संपर्क नंबर सक्रिय रखने का लिया गया निर्णय
इसके अलावा विभिन्न चिन्हित अस्पतालों में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं। गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन और संपर्क नंबर भी सक्रिय रखने का निर्णय लिया गया।
पुलिस प्रशासन और IMA के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर दिया विशेष जोर
बैठक में पुलिस प्रशासन और IMA के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में बिना विलंब के राहत और उपचार उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
आपसी तालमेल बनाए रखने का किया आह्वान
पुलिस प्रशासन ने IMA सहारनपुर द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए सभी चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से आपसी तालमेल बनाए रखने का आह्वान किया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि पुलिस और चिकित्सा विभाग के संयुक्त प्रयासों से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराया जाएगा और श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें- ग्रामीणों को करीब 4 महीने से नहीं मिल रहा राशन, 98 क्विंटल सरकारी राशन गायब