पौड़ी के बीरोंखाल स्थित स्वतंत्रता सेनानी कर्मवीर जयानंद भारती से संबंधित भवन के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 50 लाख रुपये की धनराशि की योजना मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल की गई है।
पौड़ी (उत्तराखंड )। उत्तराखंड के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज के अनुरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक उत्तराखंड रत्न कर्मवीर जयानंद भारती से संबंधित भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया है। यह भवन पौड़ी जिले के विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल के साबली, पंचपुरी में स्थित है। भवन के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 50 लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। सतपाल महाराज ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
स्वतंत्रता आंदोलन और समाज सुधार में रहा महत्वपूर्ण योगदान
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कर्मवीर जयानंद भारती का उत्तराखंड के सामाजिक और ऐतिहासिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ-साथ समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, जनजागरण और सामाजिक समानता की स्थापना के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनका जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान उत्तराखंड की अमूल्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। ऐसे में उनसे संबंधित ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण करना आवश्यक है, ताकि भावी पीढ़ियां उनके योगदान से परिचित हो सकें।
जर्जर भवन के संरक्षण के लिए किया था अनुरोध
सतपाल महाराज ने बताया कि कर्मवीर जयानंद भारती से संबंधित भवन वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने और उसके उचित रखरखाव की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए लगभग 50 लाख रुपये की धनराशि से भवन के जीर्णोद्धार की योजना को घोषणा में शामिल किया है। महाराज ने इसे क्षेत्रीय जनता की भावनाओं का सम्मान और कर्मवीर जयानंद भारती के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
146वीं जयंती पर किया था भवन के जीर्णोद्धार का उल्लेख
कर्मवीर जयानंद भारती की 146वीं जयंती के अवसर पर 17 अक्टूबर को विकासखंड बीरोंखाल के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर, स्यूंसी में दो दिवसीय राजकीय मेले का शुभारंभ किया गया था। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने भवन के जीर्णोद्धार को लेकर मुख्यमंत्री से हुई बातचीत की जानकारी दी थी। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से भवन के जीर्णोद्धार के संबंध में किए गए वादे का उल्लेख किया था। अब इस कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने से संबंधित भवन के संरक्षण की दिशा में पहल की गई है।
यह भी पढे़ं: बाराबंकी में महिला की मौत के मामले में 3 दोषियों को 10-10 साल की सजा, 11 हजार रुपये जुर्माना