लखनपुर-सुतर्रा मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क पर उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है।
कोरबा: लखनपुर-सुतर्रा मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क पर उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है। सड़क की मरम्मत और धूल से राहत दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा, तहसील कार्यालय, पुलिस थाना कटघोरा और लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने 16 अक्टूबर 2026 को बंसल पेट्रोल पंप के पास कटघोरा के मुख्य बाईपास मार्ग पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों के अनुसार, बंसल पेट्रोल पंप से बगदेवा मोड़ तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। धूल और प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की चिंता जताई जा रही है। वहीं, खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
लखनपुर और सुतर्रा के ग्रामीण होंगे शामिल
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित चक्काजाम में लखनपुर के ग्रामीणों के साथ सुतर्रा क्षेत्र के लोग भी शामिल होंगे। उनका कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन के समक्ष मांग रखी गई थी, लेकिन अपेक्षित राहत नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सड़क मरम्मत और पानी के छिड़काव की मांग
ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि सड़क के गड्ढों की मरम्मत और समतलीकरण कराया जाए तथा धूल पर नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का प्रभावी समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। 16 अक्टूबर को प्रस्तावित चक्काजाम के चलते कटघोरा के मुख्य बाईपास मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर समय रहते क्या कदम उठाता है।
ये भी पढ़ें: मुर्गी चोरी के मामूली विवाद में डंडे से पीट-पीटकर की युवक की हत्या, आरोपी फरार