कटनी के जंगल में तालाब में कथित तौर पर जहर मिलाकर 12 चीतल और 2 सांभर का शिकार किया गया। वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
कटनी (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश के कटनी जिले से वन्यजीवों के सामूहिक शिकार का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शिकारियों ने जंगल के एक तालाब में कथित तौर पर जहर मिलाकर वन्यजीवों को निशाना बनाया, जिससे 12 चीतल और 2 सांभर की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। डॉग स्क्वॉड और वन अमले की कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
गश्त में मिले 12 चीतल और 2 सांभर के शव
घटना विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र की घुघरी बीट के आरएफ-62 से लगे जंगल की है। गुरुवार सुबह नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को तालाब के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में 12 चीतल और 2 सांभर मृत मिले। एक साथ इतने वन्यजीवों की मौत की सूचना मिलते ही विभाग ने पूरे इलाके को घेर लिया और डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
वही जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड घुघरी गांव में एक संदिग्ध के घर तक पहुंचा। तलाशी में ताजा खून के निशान, वन्यजीवों के बाल, मांस, शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे और अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद वन विभाग ने सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दुर्गेश समेत कुल तीन आरोपियों को घुघरी और गाडरी गांव से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने तालाब के पानी में मिलाया जहर
वन विभाग के एसडीओ सुरेश बारोले के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने तालाब के पानी में जहर मिलाने की बात स्वीकार की है। आशंका है कि जहरीला पानी पीने से ही चीतल और सांभर की मौत हुई। सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कराया गया है, जबकि तालाब के पानी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी। तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: रीवा के बाबा घाट पर बंद मिला STP प्लांट, दूषित नदी में नाले के गंदे पानी के बीच स्नान और जलाभिषेक को मजबूर श्रद्धालु