लखनऊ में आयोजित बांसकार समाज के महासम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बांस शिल्प बोर्ड के गठन, बांस की खेती और उत्पादों के लिए उचित बाजार व्यवस्था देने की बात कही।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बुधवार को विश्वेश्वरैया सभागार, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ में आयोजित बांसकार समाज, धरकार, बांसफोड़ एवं बसोर समाज के महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री का मंत्र है- "जिसे कोई नहीं पूछता, हम उसे पूजते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने 2019 के प्रयागराज कुंभ में सफाईकर्मियों के चरण धोकर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया था।
जनकल्याणकारी योजनाओं से विकास पर जोर
मौर्य ने डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं भगवान वेन/बांस से संबंधित श्रद्धेय चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के भाव के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।
समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, वंचित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है।
बांसकार समाज के सशक्तिकरण के लिए नए निर्देश
मौर्य ने बांसकार, धरकार, बांसफोड़ एवं बसोर समाज के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए बोर्ड के गठन, बांस की खेती के लिए भूमि पट्टा उपलब्ध कराने तथा बांस से निर्मित उत्पादों के उत्पादन एवं बिक्री के लिए उचित बाजार व्यवस्था पर विचार करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बांस की खेती पर्यावरण की दृष्टि से भी उपयोगी है और इससे प्लास्टिक के विकल्प के रूप में अनेक उत्पाद विकसित किए जा सकते हैं।
मौर्य ने कहा कि यदि कोई अधिकारी भ्रष्टाचार करता है अथवा रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत सीधे 7, कालिदास मार्ग पर की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें: एमआईईटी मेरठ में यूपीराइज 2026 का आयोजन, पेट्रो वाटर ने जीता बिल्ड फॉर यूपी पिच फिनाले