प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा भगदड़

कोलकाता भगदड़: चोरबागन पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार, 25 लाख मुआवजे का ऐलान

कोलकाता के चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ मामले में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी। सरकार ने 25 लाख मुआवजे और नौकरी का ऐलान किया है।

कोलकाता भगदड़ चोरबागन पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार 25 लाख मुआवजे का ऐलान

West Bengal Minister Koushik chowdhury |

कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के उत्तरी इलाके में स्थित चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भीषण भगदड़ के मामले में कोलकाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति के पदाधिकारियों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 25 अन्य घायल हुए थे।

मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस एक्शन

कोलकाता पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पूजा समिति के सचिव राज कुमार सेवदा उर्फ राजा (48), उपाध्यक्ष शांतनु दुबे (55), और पंडाल में बांस का ढांचा तैयार करने वाले बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय (48) शामिल हैं।

इसके अलावा, भीड़ प्रबंधन और वीआईपी पास की निगरानी करने वाले कौशिक साहा (53) और पिंटू डे (51) के साथ-साथ निजी सुरक्षा प्रभारी के रूप में तैनात सुमन चक्रवर्ती (30) और राजेश पाल (29) को भी पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आयोजकों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110 और 3(5) के तहत स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार की रात मामला दर्ज करने के बाद कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

सरकार की उच्चस्तरीय बैठक और बयान

घटना के बाद राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पश्चिम बंगाल के अग्निशमन और आपातकालीन सेवा राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हादसे के कारणों की गहन समीक्षा की जा रही है ताकि वास्तविक दोषियों की जवाबदेही तय की जा सके।

ANI से बातचीत में मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा, "हम बहुत सावधानी से स्थिति की जांच कर रहे हैं कि आखिर असल में क्या गलत हुआ और किसकी लापरवाही थी। मैंने मुख्यमंत्री से इस पर बात की है और जल्द ही एक उच्चस्तरीय बैठक भी होने जा रही है। इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

मुआवजा और एसआईटी जांच के आदेश

इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण से बड़ा कदम उठाते हुए प्रत्येक मृतक के पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। हादसे के सही कारणों और प्रशासनिक चूकों की तह तक जाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को विस्तृत जांच सौंप दी गई है, जो अपनी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ से देशभर में शोक, राष्ट्रपति मुर्मू समेत कई नेताओं ने जताई संवेदना

Related to this topic: