कोरबा में सोन नदी से अवैध रेत लेकर लौट रहा ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
Korba: 1 Dead, 2 Critically Injured as Tractor Carrying Illegal Sand Overturns |
कोरबा (छत्तीसगढ़)। प्रशासन की सख्ती के बाद भी जिले में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन थमने का नाम नहीं ले रहा है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में बीती रात सोन नदी से अवैध रेत लेकर लौट रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अवैध रेत परिवहन के दौरान हादसा, एक की मौत दो घायल
जानकारी के अनुसार, मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष) और अमित कुमार सहित कुछ अन्य युवक ट्रैक्टर में सोन नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि शिवकुमार ट्रैक्टर के भारी-भरकम इंजन के नीचे बुरी तरह दब गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, ट्रैक्टर चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों युवकों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की मर्ग जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: शिवपुरी के नरवर में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर 4 कोचिंग संस्थान सील, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई