मथुरा के कोसीकलां में 12 करोड़ की चोरी का 24 घंटे में खुलासा हुआ है। पुलिस ने 7 किलो सोना और 11 लाख नकद के साथ दो महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Kosi Kalan Rs 12 crore jewellery heist solved in 24 hours, 4 arrested in Mathura |
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। मथुरा के कोसीकलां के सर्राफा बाजार में हुई 12 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जनपद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोपालबाग क्षेत्र से घेराबंदी कर 2 महिलाओं समेत 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 किलो 126 ग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बता दें कि 13 सितंबर की रात कोसीकलां के प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वेलर्स में चोरों ने शोरूम की छत का गेट तोड़कर तिजोरी में रखे करीब 12 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया था।
डीआईजी और एसएसपी के निर्देश पर चार टीमों ने की छापेमारी
वारदात के बाद व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए डीआईजी आगरा और एसएसपी मथुरा ने स्वयं कमान संभाली। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की चार टीमें गठित की गईं जिन्होंने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए, डॉग स्क्वायड की मदद ली और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर मंगलवार 15 सितंबर को दोपहर करीब 12:59 बजे पुलिस ने गोपालबाग क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी, उसके भाई मोहन सोनी और दो महिला सहयोगियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूली वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया है और उनकी निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और आशंका है कि इस गिरोह का संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी हो सकता है, जिसका जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित और बड़ी सफलता से सर्राफा व्यापारियों ने राहत की सांस लेते हुए सराहना की है।
यह भी पढ़ें: मथुरा: वृंदावन में यमुना घाट पर नाविकों पर धारदार हथियारों से हमला, 10 से अधिक घायल और दो की हालत गंभीर