कोटा में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। 16 जुलाई को गृह प्रवेश और नवंबर में उसकी शादी तय थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटा (राजस्थान)। शहर के नयागांव रोजड़ी इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार मोहित जांगिड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने निर्माणाधीन नए मकान का काम देखने जा रहा था। सबसे दुखद बात यह है कि 16 जुलाई को उसके नए घर में गृह प्रवेश होना था और इसी साल नवंबर में उसकी शादी भी तय थी। एक पल में इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
नया मकान बनवा रहा था मृतक युवक
मृतक की पहचान मोहित जांगिड़ (25) निवासी मोहनलाल सुखाड़िया आवास योजना के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में फाइनेंस का कार्य करता था। परिवार के अनुसार मोहित पिछले कई महीनों से नयागांव रोजड़ी में अपना नया मकान बनवा रहा था और रोजाना निर्माण कार्य की निगरानी के लिए वहां जाता था।
पिता की मौत के बाद संभाली थी परिवार की जिम्मेदारी
मोहित के ताऊ हनुमान जांगिड़ ने बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। पिता के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी ने संभाली थी और वह घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। करीब चार-पांच महीने पहले उसकी सगाई हुई थी और नवंबर 2026 में शादी तय थी। परिवार नए घर में गृह प्रवेश और शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
नए मकान पर जाते समय हुआ हादसा
शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे मोहित अपनी बाइक से नयागांव स्थित निर्माणाधीन मकान के लिए निकला था। नयागांव पुलिया के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल हाईवे एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
आरकेपुरम थाने के एएसआई लक्ष्मीनारायण ने बताया कि युवक नयागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिया के नीचे से एक डंपर टर्न लेकर हाईवे पर चढ़ रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में युवक के सिर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा देवकीनंदन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: शिवपुरी में बेटे के गिरफ्तारी वारंट पर बोले विधायक प्रीतम लोधी, कहा- न्यायालय का सम्मान करें दिनेश