भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने आरोप लगाया है कि उनके जनसंपर्क प्रतिनिधि महेश मणिकायला और निजी सहायक महेंद्र रेड्डी पर पुलिस स्टेशन के अंदर हमला किया गया।
हैदराबाद (तेलंगाना): भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने आरोप लगाया है कि उनके जनसंपर्क प्रतिनिधि महेश मणिकायला और निजी सहायक महेंद्र रेड्डी पर पुलिस स्टेशन के अंदर हमला किया गया। उन्होंने इस घटना को लेकर तेलंगाना की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
KTR ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
KTR ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि लिंचिंग हमेशा हत्या से शुरू नहीं होती, बल्कि पुलिस स्टेशन के अंदर वर्दीधारी अधिकारियों की मौजूदगी में होने वाले सुनियोजित हमले से भी इसकी शुरुआत हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य तंत्र गुंडागर्दी को बढ़ावा दे रहा है और ऐसी स्थिति बनी रही तो जल्द ही सड़कों पर लिंचिंग जैसी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। KTR ने कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए तेलंगाना को ‘पूर्ण अराजकता के कगार’ पर बताया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को टैग करते हुए ‘शाबाश कांग्रेस’ भी लिखा।
पुलिस ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, खैरताबाद जोन की DCP के. शिल्पावल्ली ने KTR के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने बताया कि महेंद्र और महेश को पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। उसी दौरान कुछ लोग, जो खुद को स्थानीय निवासी बता रहे थे, गणेश मंडप में DJ इस्तेमाल करने की अनुमति मांगने थाने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, अनुमति नहीं मिलने पर उन लोगों ने महेश को पहचान लिया और पुलिस से सवाल-जवाब करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर SHO ने तुरंत हस्तक्षेप किया और लोगों को वहां से हटा दिया।
CCTV फुटेज में मारपीट नहीं मिली: DCP
DCP शिल्पावल्ली ने कहा कि पुलिस स्टेशन के CCTV फुटेज की जांच की गई है, लेकिन उसमें महेश और महेंद्र के साथ मारपीट की कोई घटना नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोनों को पुलिस स्टेशन के अंदर पीटे जाने के आरोप ‘पूरी तरह निराधार और झूठे’ हैं। फिलहाल KTR के आरोप और पुलिस के खंडन के बाद मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। एक ओर BRS ने इसे राज्य में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक दबाव का मुद्दा बताया है, वहीं पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर हमले के आरोपों को खारिज किया है।
(ANI)
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम हिट-एंड-रन: सिया ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ‘हमदर्दी जताने का नाटक कर रहा आरोपी’