अमेठी के करेड़गांव में मजदूर राम मिलन वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने विषैले जीव के काटने की आशंका जताई है, प्रशासन जांच कर रहा है।
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले के भेटुआ विकासखंड के करेड़गांव में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि खेत से लौटते समय किसी विषैले जीव के काटने से उनकी जान गई। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
खेत से लौटते समय बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान राम मिलन वर्मा (52) पुत्र रामफेर के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों के अनुसार राम मिलन खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करने गए थे। काम समाप्त कर मेड़ के रास्ते घर लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह खेत के पास ही गिर पड़े। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
गांव में पसरा शोक
ग्राम प्रधान पवन सिंह ने बताया कि राम मिलन की आर्थिक स्थिति सामान्य थी। उनके छह बच्चे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों के घर पहुंचकर सांत्वना देने लगे।
जांच के बाद मिलेगी आर्थिक सहायता
सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल विक्रम कुमार ने मौके की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतक के बच्चे बाहर हैं, इसलिए उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच में यदि यह स्पष्ट होता है कि मौत विषैले जीव के काटने से हुई है, तो शासन की निर्धारित व्यवस्था के तहत तहसील प्रशासन द्वारा परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन ने शुरू की मामले की जांच
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर मृतक के परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
यह भी पढ़े: कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: टैंकर ने स्कूटी सवार भाई-बहन को कुचला, दो बच्चों की मौत