सिंगरौली के परसदेही गांव में हाईटेंशन टावर निर्माण के दौरान जमीन मालिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। जिले के परसदेही गांव में हाईटेंशन टावर निर्माण को लेकर उपजे विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली है। पावरग्रिड कंपनी द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान जमीन मालिक जगदीश शाह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। जगदीश शाह को पाइप के साथ गड्ढे में गिरते देखा जा सकता है।
परिजनों ने मुआवजे और जबरन निर्माण को लेकर लगाए आरोप
परिजनों का आरोप है कि पावरग्रिड कंपनी के अधिकारी और ठेकेदार राहुल पांडेय बिना किसी उचित मुआवजे और अनुमति के जबरन उनकी पट्टे की जमीन पर टावर का निर्माण कर रहे थे। मृतक के परिजनों के अनुसार, जगदीश शाह इसी निर्माण का विरोध करने पहुंचे थे। जिसके बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताई हादसे की शुरुआती जांच
कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जगदीश शाह निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। वहां मौजूद मजदूरों के साथ उनका विवाद हुआ था। पुलिस के दावों के अनुसार, उन्होंने वहां रखा लोहे का पाइप उठाने का प्रयास किया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। गिरने के दौरान पाइप से उन्हें गंभीर चोटें आईं। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद से परसदेही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जहां एक ओर परिजन इसे लापरवाही और जबरन कब्जा बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के नतीजों का इंतजार कर रहा है। पावरग्रिड कंपनी की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः बलिया में तिलक समारोह के दौरान दोस्तों ने युवक को मारी गोली, एक आरोपी गिरफ्तार