प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

डोडा में भूस्खलन

डोडा में भारी बारिश से भूस्खलन, कई घर और दुकानें मलबे में दबीं

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से कई घर, दुकानें और वाहन मलबे में दब गए।

डोडा में भारी बारिश से भूस्खलन कई घर और दुकानें मलबे में दबीं

Landslide Triggered by Heavy Rain Damages Homes and Shops in Doda |

डोडा,(जम्मू और कश्मीर)। जिले के थथरी क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन से व्यापक तबाही मच गई। मलबे की चपेट में आने से कई घर, दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भूस्खलन से भारी नुकसान 

भूस्खलन के बाद इलाके में कीचड़, पत्थर और मलबे का बड़ा हिस्सा बस्ती तक पहुंच गया, जिससे कई इमारतें और सड़क किनारे खड़े वाहन दब गए। कई वाहन पलट गए और उन पर मिट्टी व चट्टानों का ढेर जमा हो गया।

10 घर और 25 दुकानें क्षतिग्रस्त

थथरी के तहसीलदार सतीश राणा ने बताया, कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार कम से कम 10 घर और 25 दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि रात करीब 12 बजे से तेज बारिश शुरू हुई और आशंका है, कि बादल फटने जैसी घटना के कारण भारी मात्रा में मलबा बहकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचा। इससे कई घरों में कीचड़ और पानी भर गया।

सुबह लगभग 3 बजे हालात बेहद गंभीर

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे तेज बारिश शुरू हुई और सुबह लगभग 3 बजे हालात बेहद गंभीर हो गए। तेज बहाव के साथ आया मलबा अपने रास्ते में आने वाली कई चीजों को बहा ले गया या दबा गया। स्थानीय निवासी शमाउद्दीन ने बताया, कि कई लोगों को लगा था, कि वे इस आपदा से बच नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के घर और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा प्रभावित लोगों के सामने रहने और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

 प्रभावित परिवारों को जल्द राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का विस्तृत सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों को जल्द राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है, कि कई परिवारों के पास अब बुनियादी जरूरतों का सामान भी नहीं बचा है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, डोडा जिले में 6 जुलाई को 26.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो इस क्षेत्र की सामान्य वर्षा 4.1 मिमी से कहीं अधिक है। डोडा के अलावा किश्तवाड़, उधमपुर, रियासी, जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः बहराइच में घर में फंदे से लटका मिला युवक का सड़ा-गला शव, आत्महत्या की आशंका

Related to this topic: