मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में तेंदुए ने चारा लेने गई करीब 50 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी पर चिंता जताई।
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)। जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बलिया गांव में चारा लेने गई करीब 50 वर्षीय महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
तेंदुए के हमलों से ग्रामीण परेशान, पहले भी हो चुकी है मौत
ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में तेंदुए के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले संतोष नाम की महिला की भी तेंदुए के हमले में मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों पर तेंदुए हमला कर चुके हैं।
6 तेंदुए पकड़े गए, फिर भी ग्रामीणों में दहशत
वन विभाग की ओर से अब तक 6 तेंदुओं को पकड़े जाने की बात सामने आई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अभी भी कई तेंदुए मौजूद हैं। लगातार हो रहे हमलों के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, घटना के बाद वन विभाग के खिलाफ भी ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
परिजनों ने मांगी सरकारी नौकरी और 20 लाख रुपये मुआवजा
मृतका के परिजनों ने सरकार से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग और प्रशासन की टीम इलाके में निगरानी कर रही है।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में 2.142 किलो गांजा बरामद, छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने वाला बुजुर्ग गिरफ्तार