नैनीडांडा क्षेत्र में गुलदार के हमले में हुई महिला की मौत के बाद जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।
पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड)। नैनीडांडा क्षेत्र में गुलदार के हमले में हुई महिला की मौत के बाद जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह रावत भी ग्रामीणों के साथ धरने में शामिल हुए। उन्होंने वन विभाग और सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
गुलदार को पकड़ने को लेकर विधायक को सौंपा गया ज्ञापन
बता दें कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है। लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के कई लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। ऐसे में स्थानीय जनता लगातार जनप्रतिनिधियों और सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग कर रही है। धरना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ उत्तराखंड क्रांति दल के नेता कुलदीप रावत ने विधायक को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और वन विभाग की सक्रिय निगरानी की मांग की गई।
विधायक ने हर संभव मदद दिलाने का दिया आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान विधायक दिलीप सिंह रावत ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ रहे वन्यजीव हमलों को लेकर उनकी चिंता गंभीर है। वे इस मुद्दे को सरकार तथा संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक क्षेत्र में गुलदार के आतंक से स्थायी राहत नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टियागो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत